जांजगीर चाम्पा 28 नवम्बर 2026 - जांजगीर चाम्पा जिले के नवागढ़ पुलिस ने महिला को ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान रामायण प्रसाद कश्यप उर्फ रामा पिता लेखराम कश्यप, उम्र 25 वर्ष, निवासी सेमरा, थाना नवागढ़ के रूप में हुई है।
दरअसल आवेदिका ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराया कि एक युवक द्वारा उसकी फोटो का दुरुपयोग कर फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया गया है। और आरोपी युवक उसे अश्लील मैसेज भेज कर शारीरिक संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल कर रहा है। साथ ही बाजार व घर के आसपास पीछा कर गाली - गलौच कर रहा है। और AI तथा DEEP FAKE तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने व 1000 फॉलोअर्स बढ़ाकर बदनाम करने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता की शिकायत पर थाना नवागढ़ में धारा 351 (2), 78(2), 79 BNS एवं 66(C), 66(D), 67 IT Act के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को धारा 35 (3) BNSS के तहत नोटिस जारी किया गया था, जिस पर वह फरार हो गया था।
मुखबिर सूचना व तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी रामायण प्रसाद कश्यप उर्फ रामा पिता लेखराम कश्यप, उम्र 25 वर्ष, निवासी सेमरा, थाना नवागढ़ को आज दिनांक 28 नवम्बर 2026 को घेरा बंदी कर पकड़ा गया। जिसे न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय पेश किया गया।













