जशपुर 28 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत पर एक महिला ने प्रताड़ना, विवाह के बाद साथ नहीं रखने और वैवाहिक दायित्वों का निर्वहन नहीं करने जैसे गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद जिले में मामला चर्चा का विषय बन गया है। महिला ने जशपुर पुलिस अधीक्षक (SP) को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में प्रेम संबंध से लेकर विवाह और उसके बाद कथित तौर पर पैदा हुए विवाद तक का पूरा घटनाक्रम दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, उसके और अरविंद भगत के बीच वर्ष 2021 से प्रेम संबंध थे। महिला का दावा है कि करीब चार वर्षों तक संबंध रहने के दौरान विवाह का आश्वासन दिया गया था। शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2025 में अरविंद भगत के नगरपालिका अध्यक्ष बनने के बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात कम होने लगी। इसके बाद परिवार के आग्रह पर विवाह को लेकर सहमति बनी और 7 मार्च 2026 को रायपुर स्थित आर्य समाज में विवाह संपन्न हुआ। महिला ने अपने शिकायती पत्र में विवाह की तारीख और उससे जुड़ी परिस्थितियों का भी उल्लेख किया है।
महिला ने शिकायत में बताया है कि विवाह का निर्णय कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट, प्रांत संगठन मंत्री महेश्वर जी और अधिवक्ता सत्य प्रकाश तिवारी की मध्यस्थता से हुआ था। विवाह के दौरान दोनों पक्षों के परिवारजन और अन्य लोगों की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया है।आवेदिका ने पूरे घटनाक्रम और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
महिला ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद उसे साथ नहीं रखा गया। साथ ही बातचीत और संपर्क बंद करने तथा वैवाहिक जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने की बात भी शिकायत में कही गई है। महिला ने इसे मानसिक प्रताड़ना बताते हुए पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायती पत्र में BNS 2023 की धारा 85 और 86 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है।













