रायपुर 28 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ की सियासत में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक (Union Cabinet meeting) में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दे दी गई है। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 फीसदी तक वृद्धि का प्रावधान है। साथ ही महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का रास्ता तैयार करने की कोशिश की गई है।
इसके लागू होने पर छत्तीसगढ़ में विधानसभा की मौजूदा 90 सीटें बढ़कर 135 और लोकसभा की 11 सीटें बढ़कर 17 हो सकती हैं। यानी छत्तीसगढ़ को 45 नए विधायक और 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं। इस फैसले से न केवल प्रदेश का राजनीतिक नक्शा बदलेगा, बल्कि कई नए चेहरों के लिए भी राजनीति के दरवाजे खुल सकते हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में फिलहाल कुल 90 सीटें हैं। इनमें 51 सामान्य, 10 अनुसूचित जाति और 29 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। प्रस्तावित 50 फीसदी वृद्धि के फार्मूले के तहत विधानसभा की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 135 हो सकती है। यानी प्रदेश में 45 नए विधानसभा क्षेत्र जुड़ने की संभावना है।
इसी तरह छत्तीसगढ़ में वर्तमान में लोकसभा की 11 सीटें हैं। प्रस्तावित 50 फीसदी वृद्धि के हिसाब से प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर करीब 17 हो सकती है। यानी राज्य को 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं।
केंद्र सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों की व्यवस्था प्रस्तावित है। सरकार का कहना है कि सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में एक समान 50 फीसदी वृद्धि की जाएगी, ताकि परिसीमन के बाद किसी राज्य का दूसरे राज्यों की तुलना में प्रतिनिधित्व कम न हो।













