छतरपुर 29 नवम्बर 2026 - मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में प्यार में साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाले दो लोगों की जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया। प्रेमी की मौत के बाद उसकी प्रेमिका भी यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। मामला जिले के इन्द्रहटा का है।

दरअसल इन्द्रहटा निवासी प्रदीप अनुरागी शुक्रवार शाम नौगांव- ददरी- बिलहरी मार्ग पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसके सिर में गंभीर चोटें थीं। परिजनों का आरोप है कि प्रदीप बाइक से जा रहा था तभी रेत परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान प्रदीप ने दम तोड़ दिया। युवक की उम्र 22 साल थी।

इधर, प्रदीप की मौत की खबर उनकी मंगेतर खुशबू अनुरागी को मिली तो वह सदमे में आ गई और प्रेमिका ने भी आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था और उनकी शादी को लेकर परिवारों में बातचीत चल रही थी। दो-तीन महीने बाद दोनों की शादी होने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई। परिजनो का कहना है कि हमारी मांग है कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो। दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाए।

इस घटना के बाद एक तरफ परिवार अपने बेटे को खोने के गम में डूबा है, तो दूसरी तरफ होने वाली बहू की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ महीनों बाद शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।