रायगढ़ 29 नवंबर 2026 - रायगढ़ जिले के खरसिया चौकी क्षेत्र के मौहापाली के पास आज 29 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो युवतियों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतिका के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। हादसे के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और सड़क पर चक्काजाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाली युवती छोटे डूमरपाली की रहने वाली बताई जा रही है। वहीं, स्कूटी पर सवार दूसरी युवती के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद फरार बताए जा रहे ट्रेलर को खरसिया - रायगढ़ चौक के पास पकड़ लिए जाने की भी सूचना मिल रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
फिलहाल खरसिया पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है। मृतिका के परिजनों की मौजूदगी में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। हादसे के बाद सड़क पर चक्काजाम की स्थिति बनी हुई है और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। घटना से जुड़े अन्य विवरण और पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













