भोपाल 29 नवम्बर 2026 - मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सेंट्रल जेल में पदस्थ एक महिला प्रहरी ने जेलर मग्नू सिंह मरावी पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला प्रहरी की शिकायत पर गांधी नगर पुलिस ने जेलर के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता महिला प्रहरी की उम्र 58 वर्ष है और वह भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ है। आरोप है कि घटना वाली रात करीब साढ़े दस बजे महिला प्रहरी जेल परिसर में ड्यूटी के दौरान गश्त कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी से हुई। महिला का आरोप है कि जेलर ने उससे अश्लील बातचीत की और इसके बाद जबरन वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया।
महिला प्रहरी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के बाद जेलर ने उसे किसी को भी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला प्रहरी ने देर रात गांधी नगर थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है। जांच टीम ने सेंट्रल जेल परिसर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।
मामले में केंद्रीय जेल प्रशासन की ओर से सामने आई है सफाई में महिला प्रहरी के सेवा आचरण से जुड़े रिकॉर्ड का उल्लेख किया गया है।जेल प्रशासन के मुताबिक, वर्ष 2004 में महिला प्रहरी ने तत्कालीन जेल अधीक्षक पर भी आरोप लगाए थे। इसके बाद वर्ष 2018 में तीन कर्मचारियों के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत किए जाने का उल्लेख है। वर्ष 2021 में महिला ने एक मुख्य प्रहरी के खिलाफ अभद्र व्यवहार की शिकायत की थी।
इसी वर्ष एक अन्य प्रहरी को धमकी देने के संबंध में आवेदन दिए जाने की जानकारी भी प्रशासन ने दी है। जेल प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2026 में जेल के मेनगेट कीपर ने महिला प्रहरी के खिलाफ गाली - गलौज करने और झूठे आरोप लगाने की धमकी देने संबंधी आवेदन दिया था।
जेल प्रशासन का कहना है कि, महिला प्रहरी से जुड़े इन पुराने मामलों और सेवा आचरण संबंधी रिकॉर्ड की जानकारी पुलिस जांच में महत्वपूर्ण हो सकती है।हालांकि, महिला प्रहरी द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों और जेल प्रशासन की ओर से सामने रखे गए पुराने रिकॉर्ड की सत्यता तथा प्रासंगिकता का निर्धारण निष्पक्ष जांच के बाद ही हो सकेगा। पुराने सेवा रिकॉर्ड से वर्तमान शिकायत के आरोप स्वतः सही या गलत साबित नहीं होते।
एसीपी शशांक जैन ने बताया कि महिला प्रहरी की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपी जेलर की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस महिला प्रहरी के बयान, मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल आरोपी जेलर मग्नू सिंह मरावी का पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है।













