अजमेर 20 सितंबर 2026 - राजस्थान के अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मलियान इलाके में शनिवार रात एक परिवार के तीन लोगों ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मृतकों में पति, पत्नी और उनकी 20 साल की बेटी शामिल हैं। मृतकों की पहचान अशोक शर्मा (59), उनकी पत्नी इंद्रा शर्मा (52) और बेटी दीक्षा शर्मा (20) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों ने सल्फास की गोलियां पानी में मिलाकर पी लीं।
तीनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
सामूहिक आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।













