जयपुर 23 अगस्त 2026 - राजस्थान के अलवर से एक ऐसा बड़ा मामला सामने आया है, जिसने स्कूल, शिक्षक और बच्चों की सुरक्षा तीनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला एक सरकारी स्कूल का है. जँहा 15 अगस्त को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम हुआ. इसके बाद बच्चों को घुमाने और तैराकी सिखाने के नाम पर करीब दो किलोमीटर दूर एक बांध तक जाया गया, लेकिन वहां जो हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में स्कूल का प्रिंसिपल छात्राओं के साथ बांध के पानी में बिना कपड़ों के नहाता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया और ग्रामीण स्कूल पहुंचे, पुलिस को सूचना दी गई अब शिक्षा विभाग ने प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थानागाजी के प्रधानाचार्य का छात्राओं के साथ बांध में नहाने का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. विभाग ने प्रथम दृष्टया इसे प्रधानाचार्य के नैतिक आचरण के लिए निर्धारित नियमों के विपरीत माना है. इसी आधार पर प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. निलंबन अवधि में मुख्यालय बीकानेर रहेगा।

बता दे कि यह सरकारी स्कूल अलवर के थानागाजी इलाके में है यँहा 15 अगस्त को यहां स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम हुआ. कार्यक्रम खत्म हुआ तो आरोप है कि स्कूल का प्रिंसिपल छात्र छात्राओं को लेकर जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर भड़ाज बांध की तरफ निकल गए. कहा गया कि बच्चों को भ्रमण कराया जाएगा और तैराकी सिखाई जाएगी. यहां करीब 20 से 25 बड़ी छात्राओं के भी मौजूद होने की बात सामने आई है।