देवघर 30 जनवरी 2022 - झारखंड के देवघर में जबरन अवैध संबंध के कारण एक शख्स की हत्या कर दी गई. शख्स की हत्या उसी के ससुराल वालों ने की. मामला जर्सिडीह थाना अंतर्गत सिंघवा गांव का है।
जानकारी के मुताबिक फुलेश्वर पंडित नाम का शख्स यहां अपने ससुराल में रह कर मजदूरी का काम करता था. फुलेश्वर मूल रूप से देवघर के जर्सिडीह थाना के अंतर्गत बसबरिया गांव का रहने वाला था. ससुराल में रहने के दौरान उसने अपनी ही दो सालियों को जबरन अपनी हवस का शिकार बनाया. बात यहीं खत्म नहीं हुई. उसकी हिम्मत बढ़ती गई और बाद में उसने अपने ही साले की पत्नी के साथ भी जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
फुलेश्वर पंडित की इस हरकत से उसके ससुराल वालों को गुस्सा आ गया. उन्होंने इसके चलते फुलेश्वर की हत्या करने का प्लान बनाया. पुलिस के अनुसार, घर वालों ने 18 जनवरी को मौका देख कर उसकी हत्या कर दी और लाश को पास के ही डढ़वा नदी के किनारे ठिकाने लगा दिया।
लावारिस हालत में लाश मिलने पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे. उसी आधार पर पुलिस ने फुलेश्वर के ससुराल वालों से सख्ती से पूछताछ शुरू की. इस आधार पर जो बातें सामने आईं उसने सभी को चौंका दिया. मामले में पुलिस ने मृतक की साली और सास को गिरफ्तार किया है. घटना में शामिल अन्य पांच लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।









