कोरबा 14 नवंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बहुचर्चित ऊर्जानगर हत्याकांड में न्यायालय ने अहम फैसला सुनाया है। जिस पिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, उसे इंसाफ दिलाने में उसकी बेटी की गवाही सबसे महत्वपूर्ण साबित हुई। अदालत ने हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी और सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कटघोरा न्यायालय के इस फैसले के बाद इलाके में चर्चित रहे इस हत्याकांड को लेकर न्यायिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हुआ है।
मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा मधु तिवारी की अदालत ने आरोपी धनेश्वरी राठे और सुपारी किलर तुषार सोनी, निवासी कृष्णा नगर दीपका को हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह मामला दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर का है, जहां जगजीवन राठे की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया था कि जगजीवन राठे की पत्नी धनेश्वरी राठे ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उसने तुषार सोनी को 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी को 6 हजार रुपये नकद और सोने का हार भी दिया गया था। जांच के मुताबिक, तुषार सोनी ने टंगिया से हमला कर जगजीवन राठे की जान ले ली थी।
इस पूरे मामले में मृतक की बेटी की भूमिका बेहद अहम रही। वह घटना की प्रत्यक्षदर्शी गवाह थी। अदालत में सुनवाई के दौरान उसने अपने बयान में स्पष्ट रूप से बताया कि उसकी मां ने ही पिता की हत्या कराई थी। खास बात यह रही कि बचाव पक्ष की ओर से प्रतिपरीक्षण के दौरान भी बेटी अपने बयान पर कायम रही। उसकी गवाही में कोई ऐसा विरोधाभास सामने नहीं आया, जिससे अभियोजन पक्ष का मामला कमजोर पड़ता।
बेटी की इसी गवाही ने अदालत के सामने हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। ऊर्जानगर हत्याकांड का यह फैसला इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि एक बेटी ने अपने पिता को न्याय दिलाने के लिए अदालत में गवाही दी और तमाम परिस्थितियों के बावजूद अपने बयान से पीछे नहीं हटी।













