नई दिल्ली 14 नवम्बर 2026 - खेल जगत से दुखद खबर सामने आई है। दरअसल BCCI की अंडर -19 टीम में चयनीत महिला क्रिकेटर नंदिनी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। नंदिनी की लाश अपने मामा के घर पर फंदे से लटकती मिली है। बताया जा रहा है कि नंदिनी से दो युवक एकतरफा प्यार करते थे और अपना प्यार कबूल करने के लिए दोनो दबाव बना रहे थे, जिसके चलते उसने खुदकुशी कर ली। 

मिली जानकारी के अनुसार महिला क्रिकेटर नंदिनी यलाल मंडल के संगय्यापल्ली गांव की रहने वाली थी और हाल ही में उसका BCCI की अंडर 19 टीम में सिलेक्शन हुआ था। नंदिनी अपने मामा के घर पर रह कर पढ़ाई करने के साथ-साथ क्रिकेट का भी अभ्यास करती थी।

नंदिनी के परिजनों की मानें तो कुछ दिन से एक लड़का नंदिनी का पीछा कर रहा था, प्यार के नाम पर उसे बुरी तरह देखता था। एक दूसरा लड़का भी उसके साथ लड़की को परेशान करता था। परिवार वालों का आरोप है कि उनकी बेटी ने ये बड़ा फैसला इसलिए लिया क्योंकि वो प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं कर पाई।

पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि नंदिनी की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी। मोबाइल फोन की विस्तृत जांच रिपोर्ट से मामले में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार है।