कवर्धा 14 नवम्बर 2026 - कवर्धा जिले के रणवीर पुर चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बनिया के पास बुधवार की शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने थानखम्हरिया तहसील के समीपस्थ ग्राम बनरांका के कश्यप परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
भाईदूज के पावन पर्व पर अपनी बहन के घर डोंगरिया गए भूपेन्द्र कश्यप (39), उनकी 12 वर्षीय पुत्री वीरा और सात वर्षीय पुत्र पंकज की एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक की आमने सामने हुई जोरदार टक्कर में मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में नवघटा निवासी भावेश सिन्हा की भी जान चली गई, जिससे कबीरधाम और थानखम्हरिया क्षेत्र में शोक की लहर है।
पोस्टमार्टम के बाद जब भूपेन्द्र और उनके दोनों मासूम बच्चों के शव ग्राम बनरांका पहुंचे, तो पूरा गांव चीखों, चीत्कार और रुदन से गूंज उठा। मृतक की पत्नी खेमा कश्यप और बुजुर्ग मां अपने सुहाग और जिगर के टुकड़ों का शव देखकर बार-बार बेसुध हो रही थीं। आसपास की महिलाओं ने उन्हें संभालने का असफल प्रयास किया, लेकिन हर आंख नम थी और कलेजा चीर देने वाला यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं।
आगे पिता की अर्थी और पीछे दोनों मासूम बच्चों की अर्थियों को देख पत्थर दिल भी पिघल गए। गांव के मुक्तिधाम में एक ही चिता के पास तीनों का अंतिम संस्कार किया गया, जिसे पूरे गांव ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।













