बिलासपुर 12 सितंबर 2026 - बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के विमान का एक इंजन हवा में फेल हो गया। इंजन में आई तकनीकी खराबी के बाद विमान में सवार 54 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान सांसत में आ गई। पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बचा लिया गया।

जानकारी के मुताबिक अलायंस एयर की उड़ान संख्या 9I698 शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। विमान ने करीब 11:58 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। इसके बाद दोपहर 12:33 बजे विमान ने प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

प्रयागराज से दिल्ली के रास्ते में मेरठ के आसपास विमान में तकनीकी खराबी सामने आई। विमान के दो इंजनों में से एक इंजन के काम करना बंद करने के बाद पायलट ने एहतियात बरतते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान में क्रू मेंबर्स समेत कुल 54 लोग सवार थे। विमान के दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हवा में इंजन फेल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच में किसी तरह की कमी तो नहीं रह गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर विमान के मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।