नई दिल्ली 28 अक्टूबर 2026 - महाचक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ मंगलवार देर रात करीब 2 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। तूफान के दौरान 125 से 135 kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। जबकि झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गए। चक्रवात अर्नब के कारण आंध्रप्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश हो रही है। महाचक्रवात ‘अर्नब’ ने आंध्रप्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में जमकर कोहराम मचाया है।
आंध्र प्रदेश के कई जिलों में घरों की छतें उखड़ गईं, पेड़ गिरे और निचले इलाकों में समुद्री पानी घुस गया। लैंडफॉल के बाद चक्रवात ‘अर्नब’ अब और खतरनाक हो गया है। भारी बारिश के साथ ही यह छत्तीसगढ़ और एमपी से लेकर बिहार और झारखंड में तबाही मचाने के लिए आगे बढ़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
चक्रवात अर्नब का असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक सीमित नहीं रहेगा। मौसम विभाग ने तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी के मुताबिक चक्रवात ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में व्य़ापक रूप से देखने को मिलेगा। इस दौरान 28 और 29 अक्टूबर को मध्यम से लेकर तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने, आंधी - तूफान आने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ‘अर्नब’ के छत्तीसगढ़ में संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है।












