दुर्ग 27 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई- 3 थाना क्षेत्र के नंदौरी गांव में बच्चा चोरी के शक में पांच महिलाओं के साथ भीड़ द्वारा कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिलाओं को घेरकर लात- घूंसों और लाठियों से पीटा गया। 

मिली जानकारी के अनुसार, नंदौरी गांव में कुछ महिलाएं घूम रही थीं। इसी दौरान ग्रामीणों को उन पर बच्चा चोरी करने का संदेह हुआ। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीणों ने महिलाओं को बच्चा चोर समझकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि भीड़ ने पांच महिलाओं को घेर लिया और लात-घूंसों के साथ लाठियों से उनकी पिटाई की। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस की जांच के मुताबिक महिलाएं गांव में घर- घर जाकर पैसे या सहायता मांग रही थीं। भिलाई -3 पुलिस सभी पांच महिलाओं की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और किन परिस्थितियों में भीड़ ने महिलाओं के साथ मारपीट की।