जांजगीर चाम्पा 28 जुलाई 2023 - छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा द्वारा हाईकोर्ट के मामलों की सुनवाई पश्चात् आज 28 जुलाई 2023 को औचक निरीक्षण करने जॉजगीर पहुंचे और वहां उन्होंने जिला न्यायालय , परिवार न्यायालय एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त कक्षों का निरीक्षण किया, वहां पर उन्होंने परिसर में अस्त व्यस्त पार्किंग , कोर्ट प्रांगण में अवारा पशुओं का विचरण , भवन की दिवालों में जगह-जगह सीपेज होना तथा वॉशरूम को अत्यधिक अस्वच्छ होना पाया। 

उपरोक्त तथ्यों को लेकर नाराजगी व्यक्त की एवं सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु जिला न्यायाधीश को निर्देश दिये गये।

चीफ जस्टिस द्वारा यह औचक निरीक्षण का लगातार दूसरा दिन था। मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा द्वारा अधिवक्ताओं के बाररूम का भी निरीक्षण किया गया तथा उनके समस्याओं को सुनकर शीघ्र निराकरण करने हेतु संबंधितों को निर्देश दिये। उनके द्वारा कॉन्फ्रेन्स हॉल में जिले के सभी न्यायाधीशों के साथ एक संयुक्त बैठक कर प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करने एवं 5 से 10 वर्ष के पुराने प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए त्वरित गति से निराकृत करने हेतु निर्देश दिया।

औचक निरीक्षण में उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल श्री अरविन्द कुमार वर्मा भी शामिल थे।