बेंगलुरू 17 सितंबर 2026 - कर्नाटक के धारवाड़ जिले में लोकायुक्त की टीम ने तहसीलदार को 50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त के मुताबिक, तहसीलदार सचिदानंद कुचनूर ने जमीन के रिकॉर्ड में सुधार के बदले यह रकम मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने जाल बिछाया. इसके बाद अधिकारी को नकदी लेते पकड़ लिया गया।

लोकायुक्त एसपी सिद्धलिंगप्पा ने बुधवार देर रात कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एक डेवलपर ने शिकायत की थी. वह धारवाड़ तालुक के यारिकोप्पा में जमीन के रिकॉर्ड में सुधार कराना चाहता था. इसके साथ ही जमीन का 'पोडी' यानी उप - विभाजन भी कराया जाना था. इसके लिए तहसीलदार सचिदानंद कुचनूर ने कथित तौर पर एक एकड़ जमीन और 50 लाख रुपये नकद मांगे थे।

 तहसीलदार ने शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए KCD ग्राउंड के पास बुलाया था. तय जगह पर शिकायतकर्ता 50 लाख रुपये लेकर पहुंचा. पूरी रकम एक लाल रंग के बैग में रखी गई थी.न शिकायतकर्ता ने यह बैग तहसीलदार को सौंप दिया. तहसीलदार ने बैग लेकर उसे अपने बैग में रख लिया. इसी दौरान लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया।

लोकायुक्त एसपी सिद्धलिंगप्पा ने बताया कि तहसीलदार को नकदी लेते हुए पकड़ा गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि तहसीलदार के ठिकानों की जांच की जाएगी या नहीं, इस पर बाद में फैसला लिया जाएगा. फिलहाल लोकायुक्त की टीम मामले की जांच कर रही है।