गोंदिया 21 नवम्बर 2026 - महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक महिला ने अपने पति की महिला दोस्त की हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी देने की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला को शक था कि उसके पति का 35 साल की एक एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुरकर के साथ लव अफेयर है। इसी शक के चलते उसने भाड़े के हत्यारों की मदद से वर्षा की हत्या करवा दी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वही दो आरोपी फरार बताये जा रहे हैं।
वर्षा तुरकर पुणे एयरपोर्ट पर एयर इंडिया में काम करती थीं। 14 नवंबर को बाइक सवार तीन बदमाशों ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। शुरुआत में पुलिस को यह मामला लूटपाट का लगा, लेकिन जांच में 13 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, मोना अग्रवाल को अपने पति नीतेश अग्रवाल पर शक था कि उसका वर्षा तुरकर के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर उसने वर्षा की हत्या की योजना बनाई और इसके लिए 13 लाख रुपये की सुपारी तय की। बताया गया कि मोना ने अपने पड़ोसी कुणाल श्यामलाल कुंभालकर से संपर्क किया। कुणाल ने आगे शाहरुख खान फिरोज खान पठान को इस साजिश में शामिल किया।
इसी महीने 14 नवंबर को वर्षा अपने दोस्त नीतेश के साथ तिरोड़ा घूमने गई थीं। गोंदिया से करीब 30 किलोमीटर दूर लौटते समय दोनों शाम को बोंदरानी जंगल इलाके में एक शिव मंदिर के पास रुके। इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन हमलावरों ने वर्षा पर चाकू से कई वार किए। उनके पेट और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। वर्षा को मध्य प्रदेश की सीमा से लगे एक सरकारी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में नीतेश ने पुलिस को बताया था कि अज्ञात लुटेरों ने उन पर हमला किया है। हालांकि, पुलिस को इस कहानी पर शक हुआ, क्योंकि वर्षा की सोने की चेन और अन्य गहने सुरक्षित मिले थे। इसके बाद जांच में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में पता चला कि नीतेश जिस कार से जा रहे थे, वह उनकी पत्नी मोना के नाम पर रजिस्टर्ड थी। जांचकर्ताओं के मुताबिक, मोना ने कार के Toyota i-Connect GPS ऐप की लॉगिन जानकारी हमलावरों के मोबाइल फोन पर सक्रिय कर दी थी। इसकी मदद से आरोपी कार की लाइव लोकेशन देख रहे थे। वे नीतेश और वर्षा की कार का पीछा करते रहे। जैसे ही कार बोंदरानी जंगल के सुनसान इलाके में रुकी, हमलावर वहां पहुंचे और वर्षा पर हमला कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी, बालाघाट और गोंदिया को जोड़ने वाले रास्तों पर लगे करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाइक सवार तीन संदिग्धों को नीतेश की कार का पीछा करते देखा गया। 19 नवंबर को पुलिस ने इमरान करीम शेख को गोंदिया से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने साजिश का खुलासा कर दिया पुलिस ने अब तक मोना अग्रवाल, कुणाल कुंभालकर, शाहरुख पठान और इमरान शेख को गिरफ्तार किया है। वहीं, नलेन उर्फ नायला शेख और कृष्ण राउत फरार हैं। क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की ज्वाइंट टीम बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।













