शामली 21 नवम्बर 2026 - उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां देहरादून की एक युवती ढोल-नगाड़े, वरमाला और अपने परिजनों के साथ खुद बारात लेकर प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती का दावा है कि युवक पिछले करीब सात साल से उसे शादी का भरोसा देता रहा लेकिन अब किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है।

इसकी जानकारी मिलते ही युवती गुरुवार, 19 नवंबर को शामली के एलम कस्बे पहुंच गई और युवक से शादी करने की जिद पर अड़ गई। मामला बढ़ने पर पुलिस को दखल देना पड़ा। शुक्रवार को युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कांधला थाने में शिकायत भी दी।

देहरादून निवासी युवती के मुताबिक कई साल पहले उसकी मुलाकात शामली के एलम कस्बे में रहने वाले एक युवक से हुई थी। युवक मर्चेंट नेवी में काम करता है और उसका देहरादून आना-जाना था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। उसने अपनी शिकायत में दावा किया कि साल 2019 में युवक उसे अपने गांव एलम लेकर आया था। उस वक्त उसकी उम्र महज 16 साल थी।

आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में जब वह बालिग हुई और उसने शादी करने की बात कही, तो युवक अलग-अलग बहाने बनाकर टालता रहा। युवती के मुताबिक, हाल ही में उसे पता चला कि युवक की शादी किसी दूसरी लड़की से तय हो गई है। शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे। 20 नवंबर को युवक के घर मंढ़े की रस्म और 21 नवंबर को दिल्ली में उसकी बारात जानी तय थी।

यह जानकारी मिलने के बाद युवती ने अपने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद वह अपनी मां, बहन और दूसरे परिजनों के साथ देहरादून से शामली पहुंच गई। उनके हाथों में वरमाला थी और साथ में ढोल - नगाड़े भी थे। युवती एक बैनर भी लेकर आई थी, जिस पर लिखा था, 'दुल्हन लेकर आई बारात'।

युवती ने युवक के घर पहुंचकर उससे शादी करने की मांग की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।

गुरुवार देर रात तक मामला सुलझ नहीं सका। युवती और उसके परिजन युवक के घर के बाहर मौजूद रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन शादी को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद शुक्रवार को युवती कांधला में ही डटी रही। दूसरी तरफ युवक के घर पर शादी की तैयारियां जारी रहीं और मंढ़े की रस्म भी पूरी हुई।

शादी की रस्म होने की जानकारी मिलने के बाद युवती कांधला थाने पहुंची और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उसने युवक पर शादी का भरोसा देकर वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया।

शामली के एएसपी सुमित शुक्ला के अनुसार, उस पुराने मामले में पुलिस की फाइनल रिपोर्ट (FR) लग चुकी है। वहीं युवक के भाई ने युवती के आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि युवक ने कोई दुष्कर्म नहीं किया और वह युवती से शादी नहीं करना चाहता।