सक्ती 12 सितंबर 2026 - इस वक्त जिला मुख्यालय सक्ती से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है यहां सक्ती रेलवे स्टेशन परिसर में एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी मच गई है। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत सोठी निवासी 29 वर्षीय हेमंत साहू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हेमंत साहू के पिता अधिवक्ता खिलेश्वर साहू अपने बेटे को सक्ती रेलवे स्टेशन छोड़ने आए थे। इसके बाद वे वापस घर लौट गए। सुबह करीब 10 बजे परिजनों को सूचना मिली कि हेमंत की रेलवे स्टेशन परिसर में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग स्टेशन पहुंचे, जहां GRP की टीम पहले से मौजूद थी।
मृतक के पिता खिलेश्वर साहू ने बताया कि हेमंत के बैग में करीब 60 हजार रुपए नगद थे। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन और पर्स भी गायब है। पर्स में आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। फिलहाल रायगढ़ GRP ने शव पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
GRP पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, गायब नगदी, मोबाइल और दस्तावेजों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।













