देगंगा 01 अक्टूबर 2026 - पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां देगंगा थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव में एक कलयुगी मां पर अपने ही 13 साल के बेटे की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या करने का संगीन आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि मासूम बेटे का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपनी मां को एक गैर मर्द के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक किशोर के पिता कोलकाता में काम करते हैं. नौकरी के सिलसिले में घर से बाहर ही रहते हैं. आरोप है कि पति की इसी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसकी मां का कई पुरुषों के साथ अवैध संबंध था. स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला के घर पर अक्सर शराब पीने की महफिलें सजती थीं, जिसमें अलग-अलग इलाकों के युवक आते थे. बेटा अक्सर इस बात को लेकर अपनी मां से झगड़ता था।

खबरों के मुताबिक रात को महिला का बेटा पास में ही अपने एक दोस्त के घर गया था. करीब एक घंटे बाद जब वह घर लौटा, तो उसने कथित तौर पर अपनी मां को एक शख्स के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ लिया. उसने तुरंत अपनी मां का कड़ा विरोध किया और इस पूरी घटना के बारे में अपने पिता को बताने की धमकी दी. बताया जा रहा है कि उस वक्त कुछ पड़ोसियों ने मां और बेटे के बीच तेज आवाज में बहस और झगड़े की आवाज भी सुनी थी. लेकिन, इसके कुछ ही देर बाद वहां सब कुछ शांत हो गया।

सन्नाटा छाने के बाद जब पड़ोसी उस घर के भीतर गए, तो वहां 13 वर्षीय बालक फर्श पर बेजान पड़ा हुआ था, जबकि उसकी मां नशे में पूरी तरह धुत होकर अनाप-शनाप बोल रही थी. पड़ोसी तुरंत किशोर को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को हिरासत में ले लिया. उसे देगंगा थाने ले आई. रात भर चली कड़ी पूछताछ के बाद, पुलिस ने अगली सुबह उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।