सक्ती 01 अगस्त 2026 - जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केल्लम में शुक्रवार देर शाम हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के मजदूर दीपक रात्रे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दीपक रात्रे सक्ती जिले के बुंदेली गांव का रहने वाला था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
दीपक रात्रे बचपन से ही अपने मामा के घर हरदीडीह (जैजैपुर) में रहकर पढ़ाई-लिखाई कर रहा था। उसकी शादी भी मामा के घर से ही हुई थी। करीब एक वर्ष पहले वह अपनी पत्नी और भाई के साथ रोजी-रोटी की तलाश में जम्मू-कश्मीर गया था, जहां वह ईंट भट्ठे में मजदूरी कर रहा था।
आतंकी हमले में दीपक की मौत की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। देर रात घटना की जानकारी मिलने पर सक्ती SP के निर्देश पर पुलिस टीम को मृतक के परिजनों के घर भेजा गया, जहां परिवार को इस दुखद घटना की जानकारी दी गई। जैसे ही दीपक की मौत की खबर बुंदेली गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। फिलहाल प्रशासन मृतक के पार्थिव शरीर को सक्ती लाने की प्रक्रिया और शासन स्तर पर आवश्यक समन्वय में जुटा हुआ है।
बता दे कि आतंकियों ने केल्लम गांव में ईंट भट्ठे में काम कर रहे मजदूरों से उनकी पहचान और नाम पूछे। इसके बाद उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में दीपक रात्रे (24) की मौके पर ही मौत हो गई।









