सक्ती 05 अगस्त 2026 - सक्ती जिले के नगरदा वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने आए एक युवक की पहाड़ से फिसलकर गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के देवरमाल निवासी रोशन उर्फ राहुल पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ वॉटरफॉल घूमने और नहाने आया था। बारिश के कारण चट्टानों पर जमी काई की वजह से उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद उसके दोस्तों ने तत्काल उसे उपचार के लिए चांपा के बीडीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की सूचना परिजनों को दी और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया।
बीडीएम अस्पताल के डॉक्टर डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान युवक के शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें मिलीं। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके अलावा फेफड़े और लीवर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। डॉक्टरों के अनुसार, इतनी गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
गौरतलब है कि यह एक सप्ताह के भीतर सक्ती जिले के पिकनिक स्पॉट पर दूसरी मौत है। इससे पहले दमाऊधारा में दुर्ग जिले के छावनी निवासी प्रतीक कंवर की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद लोग जोखिम उठाकर वॉटरफॉल और पिकनिक स्थलों पर पहुंच रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से बारिश के मौसम में वॉटरफॉल, नदी और अन्य पिकनिक स्थलों पर सावधानी बरतने तथा खतरनाक स्थानों पर न जाने की अपील कर रहे हैं। बावजूद इसके लापरवाही के कारण ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि अपनी और अपने साथियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा बारिश के दौरान फिसलन वाले स्थानों से दूर रहें।









