सक्ती 30 अगस्त 2026 - स्कूल परिसर में बैठ कर शराब पीना बाराद्वार के दो युवकों को भारी पड़ गया। दरअसल सक्ती SP प्रफुल्ल ठाकुर के मार्गदर्शन में निरीक्षक नरेन्द्र यादव थाना प्रभारी बाराद्वार द्वारा सार्वजनिक स्थान एवं शैक्षणिक स्थलों को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है

इसी क्रम में दिनांक 29 अगस्त को बाराद्वार पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 01 के शासकीय बालक स्कूल परिसर में कुछ व्यक्ति शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। मौके पर मनीष कुमार साहू पिता पुरुषोत्तम साहू और अभिषेक कुमार राठौर पिता मिंटू लाल राठौर निवासी रेडा थाना बाराद्वार जिला सक्ती को शराब का सेवन करते हुए पाया गया।

मनीष कुमार साहू और अभिषेक कुमार राठौर के कब्जे से 100 -120 मिली देशी शराब एवं शराब की बोतल, गिलास एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। आरोपियो के विरुद्ध धारा 36 (च) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। बाराद्वार पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय, सार्वजनिक स्थान एवं अन्य संवेदनशील परिसरों में शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, आरक्षक योगेश राठौर आरक्षक तकेश्वर कटकवार, सैनिक राजेश कंवर का सराहनीय योगदान रहा।