सक्ती 28 जुलाई 2026 - सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रिषभतीर्थ दमाऊधारा में मंगलवार को एक बार फिर एक बड़ा हादसा हो गया। भिलाई से घूमने आए युवकों के समूह में शामिल एक 22 वर्षीय युवक नहाते समय नदी की गहराई में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, रेस्क्यू टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा युवक की तलाश शुरू कर दी गई। अभी तक युवक का कोई पता नहीं चला है।

जानकारी के अनुसार भिलाई से कुछ युवक दमाऊ धारा घूमने पहुंचे थे। सभी नदी में नहा रहे थे, तभी एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में समा गया।

बता दे कि रिषभतीर्थ दमाऊधारा में इस प्रकार की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। लोगों का कहना है कि यहां समय-समय पर युवकों के डूबने की घटनाएं होती रही हैं। कई ग्रामीणों का दावा है कि लगभग हर तीन वर्ष के अंतराल में इस तरह की कोई न कोई दुखद दुर्घटना घटित होती है, जिससे क्षेत्र में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और मान्यताएं प्रचलित हैं। फिलहाल रेस्क्यू टीम और गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।