सक्ती 12 सितंबर 2026 - सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरी से सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शुक्रवार की रात 07 के लगभग की है जब सड़क किनारे पैदल जा रहे 30 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हेतराम सिदार, पिता ईश्वर सिदार, उम्र 30 वर्ष, निवासी घोघरी के रूप में हुई है। हेतराम घोघरी स्थित आरा मशीन में काम करता था।

बताया जा रहा है कि काम खत्म करने के बाद वह सड़क पर आया ही था, तभी छपोरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कैप्सूल वाहन क्रमांक CG 07 CM 6140 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सबसे बड़ी वजह सड़क की बदहाली को बताया जा रहा है। जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, वह लंबे समय से जर्जर हालत में है।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। वहीं कैप्सूल वाहन में शव के दबे होने के कारण जेसीबी की मदद से ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से शव को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था। देर रात तक शव को बाहर नहीं निकाला जा सका था।