सक्ती 19 सितंबर 2026 - सक्ती जिले के चंद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मिरौनी के शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक पर कक्षा 5वीं की छात्रा ने अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों ने सक्ती कलेक्टरेट पहुंचकर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों की शिकायत के मुताबिक, छात्रा जब अपनी कॉपी जांच कराने शिक्षक कैलाश पटेल के पास जाती है, तब शिक्षक कैलाश पटेल द्वारा उसके साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया जाता था। ग्रामीणों ने अधिकारियों को दी गई शिकायत में दावा किया है कि शिक्षक कैलाश पटेल पूर्व में शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे। वहां भी उनके आचरण और व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आने तथा बाद में उनका स्थानांतरण किए जाने का दावा ग्रामीणों ने किया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चों से अभद्रता और अनुचित व्यवहार से संबंधित शिकायत सामने आई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य और प्रमाण सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













