रांची 13 नवम्बर 2026 - झारखंड की राजधानी रांची में एकतरफा प्यार का प्रस्ताव ठुकराने पर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नाबालिग ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामला रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर का है।
जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर की शाम 18 वर्षीय छात्रा ट्यूशन से घर लौट रही थी। इसी दौरान तीन आरोपियों ने उसे सुनसान रास्ते पर रोक लिया और जबरन झाड़ियों की ओर ले गए। आरोप है कि यहां तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता की शिकायत पर 8 नवंबर को रातू थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। जांच में एक युवक छात्रा का पीछा करता दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नाबालिग ने एकतरफा प्यार और प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर अपने दोस्तों के साथ वारदात की योजना बनाने की बात बताई।
पुलिस ने पंकज लोहरा और अंशु राणा को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।













