जांजगीर चाम्पा 13 नवम्बर 2026 - जिला मुख्यालय जांजगीर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरैया पारा वार्ड क्रमांक 23 में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर में अकेली महिला को निशाना बनाकर दो बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दो बदमाश घर में घुस गए। घर में अकेली महिला को देखकर आरोपियों ने पहले अपने चेहरे ढक लिए और फिर महिला के साथ मारपीट किया। इसके बाद घर की अलमारी में रखे सोने और चांदी के जेवरात और करीब 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट और लाखों की लूट की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।