रायपुर 15 सितंबर 2026 -  छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का समय नजदीक आ गया है, लेकिन इससे पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। पश्चिम विक्षोभ और सक्रिय मानसून ट्रफ के प्रभाव से कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां बन सकती हैं। हालांकि मानसून ट्रफ के सक्रिय रहने और पश्चिम विक्षोभ के असर के कारण इस बार मानसून की विदाई में देरी हुई है।

राजधानी रायपुर में बीती रात बूंदाबांदी हुई, लेकिन इसके बावजूद मंगलवार को तापमान 33 डिग्री के पार पहुंच गया। बारिश के बाद भी उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। रायपुर में भी एक या दो दौर की बारिश हो सकती है। हालांकि मानसून अपने अंतिम दौर में है, लेकिन पिछले दो दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान और उत्तरी गुजरात के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से सौराष्ट्र कच्छ में 15 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं 15 से 18 सितंबर के बीच राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मानसून की विदाई से पहले छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।