जबलपुर 26 जुलाई 2026 - जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है यँहा शहर के एक प्राइवेट कॉलेज में फार्मेसी की पढ़ाई कर रही 21 साल की छात्रा के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़िता का आरोप है कि जब वह गर्भवती हुई, तो आरोपी ने धोखे से दवा खिलाया और फिर अस्पताल ले जाकर उसका गर्भपात करा दिया।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान नवंबर 2025 में धनवंतरी नगर के एक अस्पताल में इंटर्नशिप के दौरान नीरज राठौर नाम के फार्मासिस्ट से हुई थी। अनूपपुर का रहने वाला नीरज काफी समय से जबलपुर में ही काम कर रहा था। बातचीत बढ़ी तो उसने छात्रा के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और उसका भरोसा जीत लिया। इसके बाद 13 मार्च को उसने रूममेट के जन्मदिन का बहाना बनाकर छात्रा को अपने किराए के कमरे पर बुलाया और देर रात मौका पाकर उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर आरोपी ने जल्द शादी करने की कसम खाकर उसे चुप करा दिया।
रेप के कुछ ही हफ्तों बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। जब जांच कराई गई तो उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। यह बात सुनते ही आरोपी नीरज ने धोखे से छात्रा को गर्भपात की हैवी दवाई दे दी, जिससे उसकी हालत और ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद आरोपी उसे घबराकर पहले घड़ी चौक स्थित एक डॉक्टर के पास ले गया और फिर सोनोग्राफी कराने के बाद धनवंतरी नगर के स्काई ब्लू अस्पताल में भर्ती कराकर उसका गर्भपात करा दिया।
जब छात्रा ने नीरज पर तुरंत शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से साफ तौर पर मना कर दिया और पीड़िता से दूरी बनानी शुरू कर दी। खुद को ठगा और बेबस महसूस करने के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ संजीवनी नगर थाने पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को सुनाई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी फार्मासिस्ट नीरज राठौर पर बलात्कार और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल के रिकॉर्ड्स और मेडिकल रिपोर्ट खंगाली जा रही हैं जिसके आधार पर गिरफ्तारी की जाएगी।








