धनबाद 17 जुलाई 2022 - झारखंड की राजधानी रांची से एक निजी टीवी न्यूज चैनल के मालिक अरूप चटर्जी (Arup Chaterjee) को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार की देर रात धनबाद पुलिस की टीम ने ये कार्रवाई की। अरूप चटर्जी की गिरफ्तारी गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड चांदनी चौक स्थित अपार्टमेंट से हुई। उनके खिलाफ धनबाद में एक कारोबारी से पैसा उगाही का आरोप लगा था, जिसमें केस दर्ज कराया गया था। इसी मामले में कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी के बाद धनबाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां न्यायिक हिरासत में धनबाद मंडल कारा भेज दिया गया।
अरूप चटर्जी की गिरफ्तारी शनिवार देर रात कांके रोड स्थित उनके फ्लैट से की गयी। धनबाद पुलिस ने बताया कि चटर्जी को रंगदारी, ब्लैकमेलिंग और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, धनबाद के एक कारोबारी ने उनके खिलाफ पैसे उगाही का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया था।
न्यूज चैनल के मालिक अरूप चटर्जी के खिलाफ 27 जून को धनबाद के गोविंदपुर थाने में धारा 193, 386, 387, 418, 420, 468, 469, 500, 503 और 120बी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। व्यवसायी राकेश कुमार ने आरोप लगाया कि अरूप चटर्जी ने उनके खिलाफ झूठी खबर चलाई थी और अपने रिपोर्टर के माध्यम से 11 लाख रुपये की मांग की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आगे कहा कि आरोपी को 06 लाख रुपये का भुगतान किया लेकिन धमकी भरे कॉल कभी बंद नहीं हुए और फिरौती की और मांग की। SSP धनबाद ने कहा, 'अरूप चटर्जी को जबरन वसूली, ब्लैकमेलिंग और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।










