सक्ती 06 सितंबर 2026 - पत्रकारो के सबसे बड़े और मजबूत संगठन एकता पत्रकार संघ ने सक्ती जिले की स्थापना दिवस की खुशियों को इस बार एक विशेष और प्रेरक स्वरूप देने की तैयारी है। इसी कड़ी में एकता पत्रकार संघ ने 09 सितंबर को सक्ती जिले के उन "अंजान विभूतियों" को सम्मानित करने का सराहनीय निर्णय लिया है, जिन्होंने वर्षों तक अपने कार्य, सेवा और समर्पण से सक्ती का गौरव बढ़ाया, लेकिन प्रचार और पहचान की मुख्यधारा से दूर रहे।

यह आयोजन एकता पत्रकार संघ, सक्ती एवं नितारा वर्ल्ड, सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में 09 सितंबर 2026 को हटरी धर्मशाला, सक्ती में दोपहर 03 बजे से आयोजित होगा और इस आयोजन में श्रेष्ठ भारत संस्थान, सक्ती का विशेष सहयोग रहेगा।

आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें केवल चर्चित चेहरों को नहीं, बल्कि ऐसे लोगों को खोजकर सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिनका योगदान समाज में बड़ा है, लेकिन उनकी उपलब्धियां अब तक अपेक्षित रूप से सामने नहीं आ सकी हैं। एकता पत्रकार संघ की यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पत्रकारिता को केवल समाचारों तक सीमित न रखते हुए संघ ने समाज की वास्तविक प्रतिभाओं को सामने लाने और उनके योगदान को सम्मान दिलाने का सामाजिक दायित्व भी अपने हाथ में लिया है।

एकता पत्रकार संघ, सक्ती के अध्यक्ष सुमित शर्मा ने कहा कि सक्ती जिले की असली ताकत यहां के लोग हैं। अनेक ऐसे व्यक्तित्व हैं जिन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा समाज और क्षेत्र के लिए समर्पित कर दिया, लेकिन उन्हें वह मंच नहीं मिल पाया जिसके वे वास्तविक हकदार हैं। जिला स्थापना दिवस पर ऐसी विभूतियों का सम्मान करना उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।

सुमित शर्मा ने कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल सम्मान पत्र प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे प्रेरक व्यक्तित्वों की कहानी समाज और नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है, ताकि उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनें।

एकता पत्रकार संघ का यह प्रयास जिला स्थापना दिवस को एक नई पहचान देने वाला माना जा रहा है। जिन्होंने अपने कार्य, सेवा और समर्पण से सक्ती जिले का गौरव बढ़ाया, सम्मान अब उनका होगा इसी भावना के साथ आयोजित यह समारोह जिले की प्रतिभाओं के प्रति सम्मान और सामाजिक कृतज्ञता का संदेश देगा।