भंडारा 11 सितंबर 2026 - महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भंडारा जिला अस्पताल में  भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों से 19 महिलाएं पोला उत्सव में शामिल होने के लिए पिकअप वाहन से नागपुर जा रही थीं। इसी दौरान भंडारा जिले के लखनी तालुका के पिंपलगांव रोड पर भाऊ ढाबा के पास पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।

हादसे में जान गंवाने वालों में कवर्धा जिले के लोहारा और बांधटोला क्षेत्र के अलावा खैरागढ़ के चिचोला क्षेत्र के लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। मृतकों में पांच लोगों के कवर्धा जिले के लोहारा विकासखंड से होने की जानकारी सामने आई है।

मृतकों के नाम

जंबाई रामावतार वर्मा — भांडेवाड़ी, नागपुर
मीनाक्षी राजकुमार वर्मा — लोहारा, छत्तीसगढ़
धैर्य रूपेश उये, उम्र 4 वर्ष — चिचोला, खैरागढ़
स्वीटी रूपेश उइके, उम्र 6 वर्ष — चिचोला, खैरागढ़
गायत्री रूपेश उइके, उम्र 30 वर्ष — चिचोला, खैरागढ़
गणेशिया अरावत पटेल, उम्र 22 वर्ष — बांधटोला, कवर्धा
सरिता विजय वर्मा, उम्र 30 वर्ष — लोहारा, कवर्धा
दो मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।