रायपुर 10 अक्टूबर 2023 -  राजधानी रायपुर सहित कई संभागों से मानसून की विदाई हो चुकी है। मानसून की विदाई होते ही प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर के लोगों को सुबह हल्की ठंड तो दिनभर गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बरहाल अब कुछ दिन में ही ठंडी का मौसम शुरू हो जाएगा। 

मौसम विज्ञानी एच पी चंद्रा के अनुसार सरगुजा , दुर्ग , बिलासपुर  और रायपुर संभाग मानसून की विदाई हो चुकी हैं। वहीं बस्तर संभाग से आज मानसून की विदाई होना संभव है। मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात में ठंड का एहसास होना शुरू हो गया है। ऐसा माना जा रहा है कि इस बार ठंड भी बहुत ज्यादा होगी।