जांजगीर चाम्पा 27 जुलाई 2026 - शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हुए आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs), नई दिल्ली के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है।
आरोपी पीयूष जायसवाल के लगातार फरार रहने एवं न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय, भारत सरकार के माध्यम से उसके विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है, ताकि देश के किसी भी एयरपोर्ट, बंदरगाह अथवा अंतरराष्ट्रीय सीमा से उसके आवागमन पर निगरानी रखी जा सके।
बता दे कि आरोपी पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर बड़ी मात्रा में धनराशि एकत्रित की और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गया।
आरोपी पीयूष जायसवाल के विरुद्ध थाना बम्हनीडीह में धारा 420, 406, 34 (IPC) तथा थाना चांपा में धारा 318(4), 316(2), 111(1), 3(5) BNS के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किए गए थे। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, किंतु अभियोग पत्र प्रस्तुत होने के बाद से आरोपी न्यायालय में लगातार अनुपस्थित है।
जांजगीर चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर के मोबाइल नंबर 94791- 93199 या चाम्पा थाना प्रभारी 79874- 60292 को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।









