जांजगीर 19 सितंबर 2026 - जांजगीर में कोयले के भंडारण को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांजगीर चाम्पा जिले के ग्राम कन्हाईबंद स्थित मेसर्स मां शारदा लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड की अस्थायी कोयला भंडारण अनुज्ञप्ति निरस्त कर दी गई है। जांच में स्वीकृत क्षेत्र से अधिक जमीन पर कोयला भंडारण, सुरक्षा इंतजामों की कमी, प्रदूषित पानी को बिना उपचार नाले में छोड़ने, बिना विकास अनुज्ञा निर्माण और दस्तावेजों में रेलवे अंडरब्रिज को उचित तरीके से प्रदर्शित नहीं करने सहित कई खामियां सामने आने की बात प्रशासन ने कही है।

जिला प्रशासन के मुताबिक, फर्म को 1.503 हेक्टेयर जमीन पर एक समय में अधिकतम 80 हजार मीट्रिक टन कोयले के अस्थायी भंडारण की अनुमति दी गई थी। यह अनुज्ञप्ति 26 फरवरी 2020 से 25 फरवरी 2030 तक के लिए स्वीकृत थी। नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जांच के निर्देश दिए थे।

जांच में सबसे प्रमुख अनियमितता स्वीकृत क्षेत्र से अधिक जमीन पर कोल डिपो संचालित किया जाना बताई गई है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर की रिपोर्ट के अनुसार, फर्म द्वारा 1.948 हेक्टेयर यानी करीब 4.80 एकड़ क्षेत्र में कोल डिपो संचालित किया जा रहा था, जबकि अनुज्ञप्ति केवल 1.503 हेक्टेयर के लिए थी। प्रशासन ने इसे अनुज्ञप्ति और अनुबंध में तय शर्तों का उल्लंघन माना है।