जांजगीर चाम्पा 03 सितंबर 2023 - शिवरीनारायण में रविवार शाम नगर में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। आंधी और बारिश के बीच केरा चौक में नीम का बड़ा पेड़ गिर गया जिसमें दबकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। 

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 11 निवासी सुनील कुमार केंवट (27) केरा चौक में फल दुकान लगाता था। रविवार शाम आँधी के साथ जोरदार बारिश हुई। सुनील अपना दुकान बंद करके केरा चौक के कान्हा होटल में खड़ा था। इसी बीच अचानक कान्हा होटल के सामने पेड़ गिरने की आवाज सुन कर सुनील बाहर निकला। इसी दौरान पेड़ का एक बड़ा हिस्सा सुनील के ऊपर गिर गया। जिसमें वह दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थाना प्रभारी अशोक द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पेड़ के नीचे दबे युवक के शव को निकाला गया रात होने की वजह से शव को मर्च्युरी में रखा गया है। सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।