लातूर 03 अक्टूबर 2026 - महाराष्ट्र के लातूर शहर के होलकर नगर इलाके में हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने एक किराए के मकान पर छापा मारकर नाबालिग लड़की समेत चार महिलाओं को मुक्त कराया। पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके पुरुष साथी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि होलकर नगर के एक मकान में बाहरी महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चार महिलाएं मिलीं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल थी। पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। तलाशी के दौरान 2 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और कंडोम के पैकेट समेत करीब 7 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रियंका नाम की महिला ने मकान किराए पर लिया था और वहीं इस अवैध गतिविधि को संचालित किया जा रहा था। उसका साथी गोविंद भी इस काम में सहयोग करता था। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नाबालिग के मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिलाओं को इस मकान तक कौन लेकर आता था और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। मामले की जांच एमआईडीसी थाने की पुलिस कर रही है। पुलिस निरीक्षक समाधान चौरे के नेतृत्व में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।












