रायपुर 27 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में सहायक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने लोक शिक्षण संचालनालय की मांग पर सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जुलाई 2026 से शुरू हो गई है इच्छुक अभ्यर्थी 21 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे और परीक्षा शुल्क का भुगतान भी डिजिटल माध्यम से करना होगा।
सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 11 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा के लिए राज्य के 16 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि अभ्यर्थियों को अपने नजदीकी केंद्र पर परीक्षा देने की सुविधा मिल सके।
राज्य सरकार की व्यवस्था के तहत छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के बाद जमा किया गया परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। यह राशि उसी बैंक खाते में ऑनलाइन भेजी जाएगी, जिसका उपयोग आवेदन के समय शुल्क जमा करने के लिए किया गया होगा।








