रायपुर 18 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से प्रदेश में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 17 नवंबर के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने दोनों दिनों के लिए कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 17 नवंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे यह तूफान 12.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था। पिछले छह घंटों के दौरान इसकी गति करीब तीन किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी।

उस समय चक्रवात चेन्नई से लगभग 600 किलोमीटर पूर्व, आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से करीब 650 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से लगभग 660 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 780 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। मौसम विभाग ने 17 नवंबर की शाम के आसपास इसके प्रचंड चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक अति प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई थी।