रांची 20 अगस्त 2023 - झारखंड के लोहरदगा जिला के नक्सल प्रभावित इलाके में तैनात CRPF के जवान जगदीश मीणा ने शनिवार को सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जगदीश राजस्थान के टोंक जिले के घरथाना क्षेत्र के ज्योतिपुरा गांव के रहने वाले थे। उनकी तैनाती लोहरदगा जिले के नक्सल प्रभावित पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग CRPF कैंप में थी। ड्यूटी के दौरान ही उसने खुद को गोली मार ली। उसे तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके पर CRPF और पुलिस के अधिकारी पहुंचकर जांच में जुट गए। बताया जा रहा है कि जगदीश प्रसाद मीणा जुलाई में ही अपने घर से छुट्टी से वापस लौटे थे। उन्होंने आत्महत्या क्यों की, यह साफ नहीं हो पाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जगदीश के घर में उनके माता-पिता के अलावा पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। घर वालों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को उनके गांव भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।










