कवर्धा 03 अक्टूबर 2026 - कुंडा थाना क्षेत्र के हथमुड़ी गांव के खेत में युवक और युवती के शव एक ही फंदे पर पेड़ से लटकते मिलने से गांव में सनसनी मच गई है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवक की पहचान छोटू चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान ज्योति चंद्रवंशी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि छोटू पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं, जबकि ज्योति अविवाहित थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे। हालांकि घटना किनके पीछे क्या कारण रहे, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास मौजूद लोगों और दोनों मृतकों के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आखिरी बार कब और किन परिस्थितियों में घर से निकले थे तथा खेत तक कैसे पहुंचे।
फिलहाल मौत के कारण को लेकर पुलिस ने कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। कुंडा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।












