सक्ती 25 अगस्त 2026 - सक्ती जिले की नव पदस्थ कलेक्टर जयश्री जैन ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर जयश्री जैन ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार सुबह 10 बजे अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर जयश्री जैन ने बैठक में वर्तमान मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलजनित रोगों की रोकथाम, जाति प्रमाण पत्र के कार्य, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु एप के प्रकरणों सहित अन्य विभिन्न आवश्यक विषयों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिये है।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती जैन ने सभी अधिकारियों को ई-ऑफिस अंतर्गत विभागीय कार्यों का संचालन अनिवार्य रुप से सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को केवल अपने ऑपरेटर के भरोसे ई-ऑफिस के कार्यों को ना छोड़ते हुए स्वयं इसे सीखने और करने के निर्देश दिए है।
बैठक में कलेक्टर जयश्री जैन ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत बायोमेडिकल वेस्ट और जनपद पंचायत अंतर्गत स्वच्छता के लिए किया जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत विभाग अंतर्गत कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए सामुदायिक शौचालय की जानकारी वित्तीय वर्ष के अनुसार उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में कार्यरत स्व सहायता समूह की जानकारी लेते हुए बिहान योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को बेहतर आय अर्जित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।













