अंबिकापुर 11 सितंबर 2026 - ग्राम पंचायत बतौली की महिला सरपंच जगरमती पैकरा की सर्पदंश से मौत हो गई। घर में मेहमान आने के कारण उन्होंने अपना पलंग मेहमानों को सोने के लिए दे दिया था और खुद पति के साथ जमीन पर बिस्तर लगाकर सो गई थीं। देर रात करैत सांप ने उन्हें डस लिया। करीब ढाई बजे उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन पहले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के मुताबिक बतौली पंचायत की सरपंच जगरमती पैकरा (48) गुरुवार रात अपने परिवार और घर आए मेहमानों के साथ खाना खाने के बाद सोने चली गई थीं। घर में मेहमान होने के कारण जगरमती ने उन्हें अपना पलंग दे दिया था। इसके बाद वह अपने पति विशुन पैकरा के साथ कमरे में जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो गईं।
रात करीब ढाई बजे जगरमती अचानक बेचैन होकर उठीं। इसके कुछ देर बाद उन्हें उल्टी होने लगी और पेट में मरोड़ की शिकायत हुई। शुरुआत में परिजनों को सर्पदंश की जानकारी नहीं थी। पेट में तकलीफ होने पर परिजन उनकी मालिश करने लगे। इसी दौरान पेट पर सांप के काटने जैसे निशान दिखाई दिए। निशान देखकर परिजनों को सर्पदंश की आशंका हुई। इसके बाद कमरे की तलाशी ली गई तो वहां करैत सांप दिखाई दिया।
परिजनों ने सांप को एक टब से ढंक दिया और बिना देर किए जगरमती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला सरपंच को एंटी स्नेक वेनम दिया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें तत्काल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, लेकिन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।













