रायपुर 18 अगस्त 2026 - रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर दुष्कर्म की नीयत से काम पर जा रही महिला का रास्ता रोका था। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने के उद्देश्य से झाड़ियों के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले का विस्तृत खुलासा करने की तैयारी में है।
घटना मुजगहन थाना क्षेत्र के डुंडा स्थित स्वागत विहार कॉलोनी की है। 21 जुलाई को यहां एक खुले प्लॉट में महिला का शव मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान मृतका की पहचान 35 वर्षीय सुभद्रा साहू के रूप में हुई। वह बोरियाकला की रहने वाली थी और लोगों के घरों में काम करके अपना जीवनयापन करती थी।
घटना वाले दिन भी सुभद्रा घर से काम पर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने कथित तौर पर उसे रोक लिया। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपी की नीयत महिला के साथ दुष्कर्म करने की थी और उसने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने आरोपी की हरकत का विरोध किया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पकड़े जाने से बचने और शव को छिपाने के उद्देश्य से उसे डुंडा इलाके में स्वागत विहार कॉलोनी के पास एक सुनसान स्थान पर झाड़ियों के बीच छोड़ दिया गया।










