कोरबा 06 अगस्त 2026 - छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्वत की मांग करने वाले दो आरक्षकों को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों ने पीड़ित को कार्रवाई का डर दिखाकर 20 हजार रिश्वत की मांग की थी। कार्रवाई से बचने के लिए शिकयतकर्ता ने 10 हजार दे दिया था। शेष राशि नहीं देने पर दोनो आरक्षकों ने उसकी बाइक जब्ती कर ली थी। निलंबित आरक्षकों के नाम प्रदीप राठौर और रामधन पटेल है।
रजकम्मा निवासी 19 वर्षीय पीड़ित आर्यन धु्रव की शिकायत के मुताबिक 3 अगस्त को वो अपनी बाइक से कटघोरा से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान कसनिया बायपास के पास कटघोरा थाना में पदस्थ आरक्षक प्रदीप राठौर व रामधन पटेल ने उसे रोक लिया और डिक्की में रखी आठ पाव शराब को जब्त कर जेल भेजने की धमकी देकर नगदी की मांग करने लगे।
दोनों आरक्षकों ने पहले 1 लाख मांगे फिर 20 हजार मांगने लगे। पीड़ित ने डर कर 10 हजार दे दिया। शेष राशि नहीं देने पर पुलिसकर्मियों ने उसकी बाइक जब्त कर ली। इसकी शिकायत पीड़ित ने एसपी से की थी। एसपी ने कटघोरा SDOP को जांच के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट में शिकायत सहीं पाई गई, जिसके बाद एसपी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।









