बलौदाबाजार 22 सितंबर 2026 - जिले में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कसडोल क्षेत्र के कांग्रेस नेता और पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष भागवत थवाईत समेत तीन लोगों को एक साल के लिए जिला बदर किया गया है। जिला दंडाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक गौरव राय के प्रतिवेदन और मामले की सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया है। जिला बदर किए गए अन्य लोगों में संतोष थवाईत और अशोक अंजान शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ कसडोल थाना और सिटी कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने इनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया था।
हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले
पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत करीब दर्जनभर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने इन मामलों और लगातार आपराधिक गतिविधियों को आधार बनाते हुए जिला बदर की कार्रवाई की अनुशंसा की थी।
पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर जिला दंडाधिकारी के समक्ष सुनवाई के बाद तीनों के खिलाफ जिला बदर का आदेश जारी किया गया। आदेश के मुताबिक भागवत थवाईत, संतोष थवाईत और अशोक अंजान को एक वर्ष की अवधि तक बलौदाबाजार भाटापारा जिले की सीमा से बाहर रहना होगा।













