रांची 14 नवम्बर 2026 - झारखंड में कांग्रेस विधायक भुषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। सिमडेगा विधानसभा सीट से विधायक भुषण बाड़ा पर एक नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक़ नाबालिग ने आरोप लगाया है कि मई 2026 में दो महिलाएं उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का झांसा देकर रांची ले आई थीं। लेकिन उसे स्कूल में दाखिला दिलाने के बजाय विधायक भुषण बाड़ा के सरकारी आवास पर ले जाया गया। वहां उससे घर के काम करवाए जाते थे। लड़की का आरोप है कि जून में उसे वापस सिमडेगा ले जाया गया, जहां उससे ईंट और बालू ढुलवाने का काम कराया गया। इसके बाद फिर उसे रांची स्थित विधायक आवास लाया गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और ठीक से खाना नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में नाबालिग ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त की दोपहर वह विधायक के आवास पर उन्हें पानी देने के लिए ऊपर गई थी। इसी दौरान विधायक ने उसके साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है और मां ने बचपन में ही उसे छोड़ दिया था। उसने विधायक के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने और दोनों महिलाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। लड़की ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा भी मांगी है।
इस मामले में DSP नीरज कुमार ने मीडिया को बताया कि कांग्रेस विधायक भुषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। इस मामले में FIR दर्ज की गई है। हालांकि, उन्होंने जांच का हवाला देते हुए शिकायत से जुड़ी दूसरी जानकारियां नहीं दी है।













