डिंडौरी 14 नवम्बर 2026 - मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां बम चबाने से 35 साल के युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बम को रसगुल्ला बता कर युवक को दिया था। जैसे ही युवक ने उसे मुंह में रखा, जोरदार धमाका हो गया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेंद्र बरौतिया के रूप में हुई है।

घटना के समय राजेंद्र अपने परिवार के साथ घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान उसी मोहल्ले में रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा। दोनों आग के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी आरोपी ने राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर एक चीज खाने के लिए दी। राजेंद्र ने जैसे ही उसे मुंह में रखा, उसमें धमाका हो गया। विस्फोट से उसके मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आईं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने राजेंद्र को सूअर को मारने के लिए इस्तेमाल होने वाला देसी बम को रसगुल्ला बताकर खाने को दिया था। घायल राजेंद्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

डिंडौरी कोतवाली पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी के पास विस्फोटक कहां से आया था।